चंपावत जिले में थाने का घेराव व पुलिस प्रशासन का पुतला फूंकने के मामले में भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष व तीन नामजद समेत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। सभी पर मानहानि, शांति भंग और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। इस मामले में वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें भाजपा नेता दरोगा से अपना बोरिया बिस्तर बांधने की धमकी दे रहा था।
यह है पूरा मामला
बीते 11 मार्च की रात दो पक्षों में मारपीट के बाद दूसरे दिन मामला सुलझाने को जनप्रतिनिधि पाटी थाने में जुटे थे। थानाध्यक्ष के बाहर होने से प्रकरण को देवीधुरा चौकी प्रभारी तेज कुमार ने सुना। इस दौरान भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष बलराज पाटनी व तेज कुमार के बीच बहस हो गई। पाटनी ने इसका वीडियो फेसबुक पेज पर सार्वजनिक कर दिया था। रविवार को पाटी स्टेशन पर युवाओं ने पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर दिया था। एसपी अजय गणपति के निर्देश पर थानाध्यक्ष रीठा साहिब कमलेश भट्ट जांच कर रहे थे।
पुतला दहन में शामिल सभी बने आरोपी
जांच अधिकारी कमलेश भट्ट ने बताया कि मामले में बलराज पाटनी, आशीष बिष्ट, यशपाल बोहरा समेत 15 से 20 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी हो गई है।





