युवती के चक्कर में युवक की जान चली गई। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में दोस्त की प्रेमिका पर डोरे डालकर उसका ब्रेकअप कराने और खुद उससे प्रेम-संबंध जोड़ने का प्रयास कर रहे युवक की हत्या कर दी गई। पुराने प्रेमी ने दो दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। शराब पिलाने के बहाने चाकू से गला काट दिया गया। मृतक और हत्यारोपी मूलरूप से मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
दोस्त के चक्कर में युवक को छोड़ दिया
रामनगर कालोनी रावली महमूद ने सूचना दी थी कि उसका छोटा भाई विनीत सब्जी लेने बाजार गया था, वापस नहीं लौटा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पड़ताल शुरू कि तो विनीत के अपने दोस्तों के साथ बाइक पर जाने की जानकारी मिली। उसका मोबाइल नंबर स्विच आफ था। पुलिस ने उसके दोस्त अंकुश निवासी बिरालसी थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर हाल निवासी सुभाष एनक्लेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले अपनी प्रेमिका से बातचीत करने के लिए विनीत का मोबाइल फोन लिया था। उसके बाद विनीत ने उसकी प्रेमिका से बातचीत शुरू कर दी। विनीत से प्रेम संबंध शुरू होने के बाद प्रेमिका ने उससे नाता तोड़ दिया। विनीत ने इस मामले को लेकर उसका मजाक भी उड़ाया था। इसलिए उसने अपने दोस्त सचिन निवासी सुभाष एनक्लेव और जानी उर्फ अनंत निवासी पुरबालियान थाना मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर के साथ मिलकर विनीत की हत्या की योजना बनाई।

सुनसान जगह ले जाकर चाकू से गला काटा
योजनाबद्ध ढंग से विनीत को शराब पिलाने के बहाने वह सुनसान स्थान पर ले गए। शराब पिलाने के बाद शौच करने के नाम पर थोड़ा आगे ले गए और झाड़ियों में चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। सिम तोड़ने के बाद उसका मोबाइल फोन गंगनहर में फेंक दिया। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल बाइक, चाकू, विनीत के मोबाइल की बैट्री का टूटा टुकड़ा, कोल्ड ड्रिक्स की बोतल, खाने के सामान के खाली पैकेट, खाली शराब की बोतल और विनीत की चप्पल बरामद हुई है।




