दो दिन पहले लापता जनकांडे निवासी युवक का पाटी ब्लाक के पोखरी धूनाघाट के जंगल में शव मिला है। परिवार वाले सचिन के लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वो नहीं उसका शव घर पहुंचा है। सड़क से 100 मीटर नीचे की तरफ शव के पास ही युवक की बाइक भी पड़ी हुई थी। घटना से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है। युवक की मौत की वजह हादसा है या फिर किसी ने हादसे का रूप देने का प्रयास किया है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा।
पाटी ब्लाक के जनकांडे निवासी 25 वर्षीय सचिन मेहरा पुत्र प्रेम सिंह 27 मार्च की रात घर नहीं लौटा था। स्वजन ने आसपास तलाश करने के साथ रिश्तेदारों से संपर्क कर उसके आने की जानकारी ली, लेकिन कोई पता नहीं चला। 28 मार्च को पाटी थाने में गुमशुदगी लिखाई। शनिवार को धूनाघाट पोखरी में सड़क से 100 मीटर नीचे जंगल की तरफ झाड़ी में बाइक व युवक का शव पड़ा देखा गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके में पहुंची लोहाघाट पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सचिन मेहरा के रूप में हुई है। सचिन गुरुग्राम में बेकरी में काम करता था। होली पर घर आया था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।





