प्रादेशिक सेना भर्ती में जाने वालों के लिए शुरुआती अव्यवस्था के बाद अब स्थिति सामान्य होने लगी है। सेना भर्ती में शामिल उत्तर प्रदेश के युवाओं की वापसी के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेन संचालित की हैं। यह ट्रेनें बुधवार रात 8:30 व 9: 30 बजे पीलीभीत होते हुए बरेली के लिए चाली। बुधवार अपराह्न 3:30 बजे वाली ट्रेन से डेढ़ हजार से अधिक युवा उत्तर प्रदेश के लिए लौट गए। रात की ट्रेनों से भी तीन से चार हजार यात्री वापसी कर चुके हैं। चंपावत पुलिस ने घाट से टनकपुर के बीच हाईवे को पांच जोन में बांटकर सुरक्षा और मुस्तैदी बढ़ाई है। पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।
मंगलवार की अव्यवस्था से चौतरफा किरकिरी
मंगलवार को टनकपुर में बड़ी अव्यवस्था दिखी थी। युवाओं ने रोडवेज बसों के शीशे व खिड़की आदि तोड़ दिए थे। सड़क पर पत्थर व स्लीपर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया गया। इस अव्यवस्था से चौतरफा किरकिरी हुई। बुधवार को स्थिति बेहतर रही।





