टनकपुर पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच तकरार बढ़ते जा रही है। मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार के समर्थन में आ गए। विधायक प्रतिनिधि के माध्यम से सीएम पुष्कर धामी के नाम ज्ञापन भेजकर ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी को हटाने की मांग की है।
पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार व ईओ जोशी के बीच निकाय चुनाव के दौरान से अनबन की चर्चा आम है। पिछले कुछ दिनों में अनबन बढ़ गई। ठेके के माध्यम से रखे पर्यावरण मित्र दो माह का मानदेय नहीं मिलने के नाराज होकर सोमवार को धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने ईओ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कर्मचारियों को अपने पक्ष में लेकर उसके विरुद्ध माहौल तैयार कर रहे हैं।
मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष निशा के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंच गए। ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के निस्तारण के लिए सोमवार को पालिका कार्यालय में बैठक बुलाई गई थी। पर्यावरण मित्र बिना किसी नोटिस के धरने पर बैठ गए। आरोप है कि ईओ ने पालिकाध्यक्ष से अभद्रता की। इसका वीडियो सीसीटीवी में रिकार्ड है। ईओ पर कर्मचारी नियमावली का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए हटाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में अनीता, माधुरी, रेखा शर्मा, सुनीता शर्मा, मनोरमा देवी, कोमल गिरि, संगीता, प्रेमा देवी, आशा, गीता, लालवती, कमला, कविता, मीना, रेखा देवी आदि मौजूद रहे। वहीं, ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने आरोप को निराधार बताया है।





