दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा राज्य में प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन किया जाएगा। सीएम ने प्रवासियों से राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। बोले कम से कम वर्ष में एक बार अपने गांव और पैतृक घर जरूर आएं और अपनी-अपनी विशेषज्ञता के हिसाब से अपने क्षेत्र के विकास में योगदान दें। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को सभी को उत्तराखंड की मिट्टी से जोड़ने का एक प्रयास बताया।
उत्तराखंड@2025 का लोगो जारी
इस दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड@2025 का लोगो लांच किया। धामी ने कहा उत्तराखंड की माटी से जुड़े प्रवासियों ने शिक्षा, अनुसंधान, ब्यूरोक्रेसी, फिल्म निर्माण, उद्योग, व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
अपनी संस्कृति और भाषा पर करें गर्व
मुख्यमंत्री धामी ने कहा देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान उत्तराखंड से हैं। भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस बिपिन रावत भी हमारी भूमि से थे। प्रवासियों से अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करने और इसे प्रचारित करने पर जोर देने की बात कही।





