30 वर्षों से कृष्ण भक्ति, आज उन्हीं से विवाह रचाएंगी भावना

धर्म/समाज/संस्था

कृष्ण भक्त मीरा के अटूट प्रेम से हम सभी परिचित हैं। उनकी मधुर प्रेम को हमने बचपन में किताबों में पढ़ा है। श्रीकृष्ण से प्रेम और उनसे विवाह रचाने का अनूठा मामला हल्द्वानी में सामने आया है। ‘मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई’ के भाव जी रहीं 55 वर्षीय भावना गुरुवार को श्रीकृष्ण के साथ पवित्र बंधन में बंध जाएंगी। शुभ बेला में मांगलिक गीत होंगे, शहनाई गूंजेगी और टीके से बारातियों का शगुन होगा। इस अद्भुत मिलन का हर हल्द्वानीवासी साक्षी बनेगा।

मंदिर में रहकर करतीं हैं सेवा
श्रीकृष्ण की दीवानी भावना का अपने प्रभु से जुड़ाव 30 बरस पुराना है। हल्द्वानी के आवास विकास कॉलोनी स्थित पंचेश्वर मंदिर में रहकर प्रभु की सेवा करते आ रही हैं। श्रीकृष्ण ही इनका परिवार है। अब कान्हा से विवाह रचाने जा रही हैं।

सुबह गणेश पूजन, शाम रचाई मेहंदी
बुधवार चार दिसंबर को शुभ मुहूर्त में गणेश पूजन के साथ मांगलिक कार्य की शुरुआत हुई। बुजुर्ग महिलाओं ने शगुन आंखर ‘सुवा से सुवा बणखंडी सुवा, जा सुवा नगरी में न्योत दिआ..’ गाकर देवी-देवताओं को विवाह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। सायंकाल दुल्हन को हल्दी लगी। दुल्हन और सहेलियों ने श्रीकृष्ण नाम की मेहंदी रचाई। गुरुवार को पंचेश्वर मंदिर से बारात तैयार होगी। बैंड-बाजे के साथ कॉलोनी के विभिन्न स्थानों ने बारात निकलेगी। फिर मंदिर में श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ विवाह होगा। पिछले दिनों हल्द्वानी की 21 वर्षीय हर्षिका पंत ने भी श्रीकृष्ण से विवाह रचाया था।

ये भी पढ़ें: पंचतत्व में मिली हल्द्वानी की अंजलि, अंतिम विदाई में रो पड़ीं सहेलियां

मंदिर समिति के पदाधिकारी होंगे घराती
भावना के माता-पिता अब दुनिया में नहीं हैं। उन्होंने शादी नहीं की। उनके दो भाई और परिवारजन विवाह समारोह में शामिल होंगे। बृंदावन से श्रीकृष्ण की मूर्ति लाई गई है। विवाह में होने वाले भोज आदि का व्यय मंदिर समिति और कॉलोनीवासी उठाएंगे। पंचेश्वर मंदिर समिति अध्यक्ष गोपाल भट्ट का कहना है कि घरेती पक्ष की जिम्मेदारी वह और पूरी मंदिर समिति उठाएगी।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *