धनतेसर के दिन रणकुड़ी गांव में आग से झुलसे एक और ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है। गांव शोक से उबर नहीं पा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोकाकुल ग्रामीण इस घटना के मंजर को याद कर आज भी दहशत में हैं।धनतेरस की रात राजस्व पुलिस क्षेत्र नौगांव के अंतर्गत रणकुड़ी गांव जिला बागेश्वर में नशे में धुत आरोपित कुंदन नाथ ने नारायण गिरी के घर में गैस सिलिंडर का रेगुलेटर खोलकर आग लगा दी थी। जिसमें 11 लोग झुलस गए थे। एक घायल को सीएचसी बैजनाथ में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी थी। शेष घायलों को जिला अस्पताल बागेश्वर तथा एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बाद में चार घायलों को ऋषिकेश एम्स रेफर व पांच घायलों को महंत इंद्रेश अस्पताल देहरादून रेफर किया गया। शुक्रवार को शंकर नाथ की पत्नी कलावती देवी का उपचार के निधन हो गया है। इससे पूर्व उपचार के दौरान आरोपित की मां भगवती देवी, चचेरे भाई जीवन गिरी, नारायण गिरी, चाची मुन्नी देवी, पत्नी बीना देवी भी दम तोड़ चुके हैं। कुछ अन्य घायलों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।





