आरोप: जंगल ले जाकर कैन थमाई, फिर शराब तस्करी में फंसाया, सीओ करेंगी दूध का दूध-पानी का पानी

राजनीति

चंपावत जिले में अजब-गजब मामला सामने आया है। पुलिस ने एक दुकानदार को शराब तस्करी के आरोप में पकड़ा है। दुकानदार के भाई का आरोप है पुलिस डरा-धमकाकर जंगल लेकर गई, फिर कैन थमाकर फोटो खींची। दूसरे दिन समाचारों में पढ़ने को मिला कि उसके भाई को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया है। इससे पूरा परिवार तनाव में आ गया है।
मथियाबांज निवासी ग्रामीण ने बुढ़म चौकी पुलिस पर शराब तस्करी में फंसाने व झूठी कार्रवाई कर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण सुनील चंद्र ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कहा है कि उसके बड़े भाई श्याम दत्त की दुकान पर पुलिस के जवान पहुंचते हैं। दुकान के आस कूड़े में कांच की बोतलें मिलने पर उन्हें उठाकर चौकी ले जाते हैं। बीच रास्ते में जंगल में डरा-धमकाकर किसी चीज की कैन थमा देते हैं। दूसरे दिन समाचार पत्रों में 10 लीटर शराब के साथ व्यापारी गिरफ्तार का समाचार पड़ने को मिलता है। ग्रामीण ने कहा है कि इससे परिवार मानसिक रूप से परेशान है। मामले की जांच की मांग की है। एसपी अजय गणपति ने बताया कि सीओ वंदना वर्मा को मामले की जांच सौंपी गई है। अब सीओ ही दूध का दूध व पानी का पानी करेंगी।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *