सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएम चंपावत ने नई पहल की है। अब बिना ISI mark वाले हेलमेट पहनने पर पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी चालान की कार्रवाई करेंगे। मंगलवार को हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम नवनीत पांडे ने यातायात नियमों का पालन कराने को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल रोकने के लिए प्रभावी कदम जरूरी हैं। सीट बेल्ट और हेलमेट लगाने की आदत विकसित कराएं। स्पीड ब्रेकर, पैराफिट, क्रैश बैरियर लगाने के साथ सड़कों को बेहतर बनाने की जरूरत बताई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का सीसीटीवी व अन्य कैमरों की मदद से आनलाइन चालान पर जोर देने को कहा। 31 मार्च तक सड़क सुधारीकरण का कार्य पूरा करने को कहा।
ये भी पढ़ें: गोशाला की नींव में दब गए पिता-पुत्र, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एआरटीओ सुरेंद्र कुमार ने अवगत कराया कि अक्टूबर में परिवहन विभाग ने 575 व पुलिस ने 1139 चालान किए हैं। ओवर लोडिंग में चार, तेज गति में 60, बिना हेलमेट में 375, सीट बेल्ट न पहनने पर 87 चालान किए गए। बैठक में एसपी अजय गणपति, एसीएमओ डा. इंद्रजीत पांडेय, एसडीओ वन नेहा चौधरी, यातायात निरीक्षक हयात सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





