पहले चोरी फिर सीना जोरी इसी को कहते हैं। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में सरकारी नल में पानी भरने गई युवती से छेड़छाड़ कर दी। भाई ने विरोध किया तो घर में घुसकर लाठी डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव को आई युवती को भी पीट दिया। पुलिस ने नौ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ट्रांजिट कैंप शिव नगर निवासी युवती ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे वह घर के पास नल से पानी भर रही थी। शिव नगर के रहने वाले कौशल और रुद्र पुत्र अशोक, बंसू पुत्र संतोष, जीतू पुत्र राजकुमार, विशाल और राजीव पुत्र महेंद्र, अरून व आकाश तथा सचिन ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी।गंदे कमेंट कर अपशब्द कहे। इसकी शिकायत अपने भाई हिमांशु से की। हिमांशु ने उनको टोका तो वह अभद्रता पर उतर आए। घर में घुसकर लाठी डंडों से हिमांशु पर हमला कर दिया। बीच बचाव का प्रयास किया तो उसकी भी पिटाई की। जिससे भाई-बहन चोटिल हो गए।
ये भी पढ़ें: खाना खाकर मुंह धो रहे थे बुजुर्ग, अचानक आई गोली ने जबड़ा तोड़ दिया
पड़ोसियों के आने पर भाग गए आरोपी
शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। युवती ने पुलिस से आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने बताया कि नौ लोगों पर मारपीट और छेड़छाड़ का मुकदमा कर लिया है।





