पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ किसी तरह की मनमानी नहीं होगी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने पूर्णागिरि मेले की सभी तैयारी समय रहते पूरी करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। मनमानी रोकने के लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व मूल्य सुनिश्चित करते हुए रेट लिस्ट लगाने, भंडारे लगाने के लिए सिंगल विंडो से अनुमति देने, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम लागू करने को कहा है। पूर्णागिरि मेला 15 मार्च से 15 जून तक चलेगा।
टैक्सी संचालकों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
बनबसा स्थित एनएचपीसी गेस्ट हाउस में हुई बैठक के दौरान आयुक्त ने कहा कि मनमाना किराया लेने, बिना फिटनेस वाहन चलाने पर पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। पिछले वर्षों में इस तरह की शिकायतें आती रही हैं। ओवरस्पीड, ओवरलोड व बिना फिटनेस वाहन दुर्घटना का कारण बनते हैं। प्रभारी डीएम जयवर्धन शर्मा ने कहा सफाई व्यवस्था पहली बार सुलभ इंटरनेशनल संस्था को दी गई है। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्याऊ, वाटर कूलर, टैंकर एवं दो सोलर हैंड पंप लगाए जाएंगे। मार्ग प्रकाश के लिए सोलर स्ट्रीट लाइन, हाई मास्ट लाइट रहेगी। चिकित्सा सुविधा के लिए डाक्टरों की तैनाती के साथ आक्सीजन सिलिंडर, मोबाइल केयर यूनिट, एसडीआरएफ टीम रहेगी। धर्मशालाओं में अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड किट अनिवार्य किए हैं। एसडीएम पाटी नितेश डांगर, तहसीलदार जगदीश गिरी, ईई जल संस्थान पवन सिंह, डीडीएमओ देवेंद्र पटवाल, जिला पंचायत से अनिल रावत, मंदिर समिति के प्रतिनिधि, लोनिवि से एलएस सामंत समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग स्थल पर लगेंगे सीसीटीवी
आयुक्त दीपक रावत ने ककराली गेट से पूर्णागिरि यात्रा मार्ग का दाैरा किया। बूम घाट के साथ ही उचौलीगोठ, ठुलीगाड, भैरव मंदिर के पास पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। बूम घाट पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने, पार्किंग स्थल पर पर्याप्त मोबाइल टायलेट की सुविधा देने को कहा।





