बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलीं निर्मला गहतोड़ी, निकाय चुनाव को लेकर बताई रणनीति

राजनीति

प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य व चंपावत कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में पार्टी महिला मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। बदहाल स्वास्थ्य सेवा, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी की समस्या को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान गहतोड़ी ने कहा कि चंपावत जिला अस्पताल में छह माह से गायनी डाक्टर नहीं हैं। मुख्यमंत्री के जिले में महिलाओं को प्रसव तक की सुविधा नहीं मिलना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। लोहाघाट, चंपावत व टनकपुर अस्पताल में बाल रोग और प्रसूति रोग विशेषज्ञ नहीं होने लोगों को हल्द्वानी, बरेली जाना पड़ रहा है।

अच्छे दिन की तरह आदर्श चंपावत जुमला
मुख्यमंत्री के विरुद्ध उप चुनाव लड़ी चुकीं गहतोड़ी ने कहा कि जिस तरह भाजपा का अच्छे दिन जुमला था, उसी तरह जीरो टोलरेंस व आदर्श चंपावत भी जुमला बनकर रह गया है। जिला अस्पताल में डाक्टर नहीं हैं। डाक्टरों की नियुक्ति के आदेश होते भी हैं तो वह कार्यभार नहीं संभालते। इससे जाहिर है कि सरकार व्यवस्था बनाने और उसका अनुपालन कराने में फेल साबित हुई है।

पालिकाध्यक्ष बनना चाहता है भाजपा का हर पदाधिकारी
गहतोड़ी ने कहा भाजपा का हर पदाधिकारी पालिकाध्यक्ष बनने का सपना संजोए हुए है। सोशल मीडिया पर पोस्टर वार शुरू हो गया है। समाचार पोर्टलों में हर कोई चुनाव में उतरने का ऐलान कर रहा है। एक अनार-सौ बीमार की स्थिति से भाजपा में सिर-फुटव्वल होना तय है। उन्होंने कहा कांग्रेस दमदार प्रत्याशी उतारेगी और भाजपा को सबक सिखाएगी। खुद के चुनाव लड़ने पर गहतोड़ी ने कहा उन्होंने सीएम के सामने विधायक का चुनाव लड़ा है। अगले चुनाव में सीएम की विफलताओं को जनता तक ले जाकर विधायक का चुनाव लड़ेंगी।

Tagged

1 thought on “बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलीं निर्मला गहतोड़ी, निकाय चुनाव को लेकर बताई रणनीति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *