निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। दूसरे दिन चंपावत व टनकपुर पालिका के शेष बचे सात वार्डों के सभासद प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच हुई। जांच में सभी 26 सभासदों के नामांकन पत्र सही पाए गए। चार निकायों के 34 वार्डों के लिए 110 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष के लिए 24 प्रत्याशी मैदान में हैं। गुरुवार नाम वापसी का दिन है। पार्टी से रूठकर निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ने का मन बना चुके प्रत्याशी को मनाना कितना सफल हुआ है यह गुरुवार को पता चलेगा।
चंपावत पालिका के आरओ डा. नंदन प्रसाद आगरी ने बताया कि बुधवार को तीन वार्ड के नौ सभासद प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच मे सभी नामांकन पत्र सही मिले। मंगलवार को एक से छह वार्ड तक के सभी 12 आवेदकों के नामांकन वैध मिले थे। टनकपुर में भी वार्ड सदस्यों के लिए सभी आवेदन सही पाए गए। आरओ व सिंचाई विभाग के एसडीओ आरके यादव ने बताया कि टनकपुर में मंगलवार को छह वार्डों के 27 आवेदनों की जांच की गई थी। जिसमें सभी आवेदन वैध मिले थे। बुधवार को वार्ड संख्या-सात से 11 तक के कुल 17 आवेदन की जांच की गई। जिस में सभी वैध पाए गए। बनबसा के आरओ लोनिवि के एई संजीव भट्ट ने बताया कि बनबसा में सात वार्डों के सभी 22 आवेदन सही पाए गए हैं।





