पूर्व फौजी पिता के साथ अभद्रता कर रहे पुत्र की वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। बेटा अपने पिता से सात लाख रुपये व भूमि के कागजात मांगते सुनाई पड़ रहा है। पिता हाथ जोड़ते हुए रूपये देने की बात कह रहा है। एक अन्य व्यक्ति उनकी वीडियो बना रहा है। बेटा अपने पिता को गाली देते हुए उन्हें मारने लगता है। पिता को जान से मारने की धमकी भी देता है। वीडियो प्रसारित होने के बाद पूर्व सैनिक संगठन ने इसका विरोध करते हुए रोष जताया है। पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। आरोपी बेटे के विरुद्ध कांडा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पूर्व सैनिक संगठन ने सौंपा ज्ञापन
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भूपेश सिंह दफौटी, सचिव रमेश भंडारी ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि कांडा तहसील के सातचौंरा निवासी आनंद बल्लभ पांडे अपने पिता नंदा बल्लभ पांडे से मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि थानाध्यक्ष खुशवंत सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें: दो बेटों ने पिता की हत्या कर शव फूंका, पुलिस ने हड्डियों के अवशेष जुटाए




