कोई आदमी बचेगा ही नहीं, जिस पर तुम इल्जाम लगा सको, मर्दों के बारे में सोचो, उनके बारे में कोई तो बात करे, बेचारे बहुत अकेले हैं..। अपनी पीड़ा को इन शब्दों के माध्यम से वीडियो में बयां करने के बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मैनेजर मानव शर्मा ने आगरा में अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के चार दिन बाद परिजनों ने पुत्रवधू, ससुर और साली पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। हालांकि, पत्नी निकिता ने आरोपों को निराधार बताते हुए अपना वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है।
बंगलूरू के अतुल सुभाष जैसे इसे मामले ने समाज को फिर झकझोर दिया है। आगरा की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले मानव टीसीएस में रिक्रूटमेंट मैनेजर थे। मुंबई में कार्यरत मानव की शादी 30 जनवरी 2024 को बरहन निवासी निकिता से हुई थी। मानव के पिता नरेंद्र कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बहू का व्यवहार ठीक नहीं था। दोनों के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता था। 23 फरवरी को मानव बहू को लेकर मुंबई से आगरा आया। उसी दिन निकिता के घर बरहन गया, लेकिन वहां हुए अपमान से परेशान मानव ने 24 फरवरी की सुबह पांच बजे फंदा लगाकर जान दे दी।
आरोपी फरार, पुलिस सबूत जुटा रही
डीसीपी आगरा शहर सूरज राय का कहना है कि आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। वहीं, आरोपी पत्नी और अन्य लोग घर से फरार हैं। निकिता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है, जिसमें आरोपों को निराधार बता रही है।
मरने से पहले बनाया सात मिनट का वीडियो
आत्महत्या करने वाले मानव ने अपना दर्द 6.57 मिनट लंबे वीडियो में बयां किया है। इसमें नजर आ रहा है कि मानव ने साड़ी से फंदा बनाकर पंखे से बांधा है। मानव कई बार भावुक हो जाते हैं। उनकी आंखों से आंसू भी निकल रहे हैं। कहते हैं कि पत्नी के बारे में पता चला। चलो कोई बात नहीं, कोई आदमी बचेगा ही नहीं, जिस पर तुम इल्जाम लगा सको। वह कहते हैं कि मर्दों के बारे में कोई तो बात करे। वीडियो में और भी बहुत कुछ कहा है, जिसे हम यहां नहीं दे पा रहे हैं।





