पहाड़ में जंगली जानवरों के हमले के मामले जारी हैं। लोहाघाट के निकल राइकाट कुंवर गांव में बीते दिनों दो वर्षीय बच्चे पर हमला करने वाला गुलदार नौ दिन बाद भी पिंजरे के करीब भी नहीं फटका है। हालांकि घटनास्थल के आसपास गुलदार की मौजूदगी लगातार देखी जा रही है। चतुर गुलजार को पकड़ने के लिए वन विभाग अब एक ओर पिंजरा लगाएगा।
भाजपा मंडल महामंत्री गिरीश कुंवर ने बताया कि शनिवार रात गुलदार ने एक वाहन का पीछा किया। गांव में गुलदार की दहशत बनी हुई है। रविवार को गिरीश कुंवर ने डीएफओ आरसी कांडपाल से वार्ता कर गुलदार को पकड़ने के लिए एक और पिंजरा लगाने की मांग की। वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी ने बताया कि प्रभाजीय वनाधिकारी ने एक और पिंजरा लगाने के निर्देश दिए हैं। टनकपुर से पिंजरा मंगाया गया है। सोमवार को पिंजरा लगाया जाएगा। इधर गुलदार की दहशत से लोग अकेले घरों से निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने सुबह-शाम अकेले घरों से न निकलने की अपील की है।





