होली की खुशियों के बीच बेहद दुखद खबर सामने आई है। सरयू नदी के सूरजकुंड के समीप नहाते समय डूबने की वजह से किशोर की मौत हो गई। सांसें चलने की उम्मीद में लोग उसे जिला अस्पताल लेकर आए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
बुधवार अपराह्न में बागेश्वर जिले के जीतनगर निवासी 14 वर्षीय हर्षित जोशी पुत्र केवलानंद जोशी एक साथी के साथ सूरजकुंड गया था। वह सरयू नदी में नहाने उतर गया। डूबता देख उसका साथी चिल्लाया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। जिला अस्पताल के डा. भूपेंद्र ने बताया कि हर्षित को बचाया नहीं जा सका। हर्षित कक्षा सात में पढ़ता था।





