चंपावत जिले के साधन सहकारी समिति (पैक्स) दुबड़ में 81.08 लाख रुपये के गबन के आराेपित सचिव जय राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एडीओ सहकारिता अनिल जोशी की तहरीर पर पाटी पुलिस ने 22 अप्रैल को आरोपित के विरुद्ध पद का दुरुपयोग कर समिति की निधियों में गबन, फर्जीवाड़ा व घोर लापरवाही की धाराओं में प्राथमिकी की थी। प्रकरण खोलने के लिए किसानों ने चार मार्च से 52 दिनों तक आंदोलन किया था।
पाटी विकासखंड की दुबड़ पैक्स में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए डीएम नवनीत पांडे ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। जांच समिति ने वर्ष 2010 से 2024 के बीच समिति व काश्तकारों का 81.08 लाख रुपये का गबन होना पाया। पुलिस ने सोमवार देर शाम ग्राम दुबड़ कमलेख, थाना पाटी निवासी 42 वर्षीय आरोपित जय राम को पाटी से गिरफ्तार कर लिया। जयराम पुलिस रिमांड में है। पुलिस की पूछताछ में यह राज खुलेगा कि 81 लाख रुपये को जयराम अकेले डकार गया या फिर कोई और भी इसमें संलिप्त था।
खुल सकते हैं कई अन्य अधिकारियों के नाम
सूत्रों की मानें तो विकासखंड के एडीओ सहकारिता की जिम्मेदारी होती है कि हर सप्ताह या कम से कम माह में एक बार समिति का निरीक्षण करने के साथ आय-व्यय का सत्यापन करे। समिति में 15 वर्षों तक गड़बड़ी होती रही और प्रकरण पकड़ में नहीं आना हर किसी को अखर रहा है। प्रकरण में आंदोलन कर रहे किसान नेता नरेंद्र उत्तराखंडी भी आवाज उठाते रहे हैं कि प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। कम से कम बाहरी क्षेत्र के अधिकारियों से प्रकरण की जांच की जाए। फिलहाल पुलिस की चार्जशीट के साथ अब मामला न्यायालय जाएगा। पुलिस अपने स्तर साक्ष्य जुटाती है या फिर न्यायालय प्रकरण में आगे आदेशित करता है तो जांच के दायरे में कई अन्य विभागीय अधिकारी आ सकते हैं।





