पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकियों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराने के बाद ऊधम सिंह नगर पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां खालिस्तानी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर सिख फार जस्टिस का समर्थन करने वालों पर नजर रखे है।
पंजाब के जिला गुरुदासपुर में 20 दिसंबर को एक पुलिस चौकी पर हमला कर दिया गया था। हमले को अंजाम देने वाले पंजाब के गुरुदासपुर निवासी तीन खालिस्तानी आतंकियों गुरविंदर सिंह, वीरेंदर सिंह व जसनप्रीत सिंह को पुलिस ने रविवार देर रात पीलीभीत में मुठभेड़ में मार गिराया था। ऊधम सिंह नगर जिले से सटे होने और पूर्व में खालिस्तानी आंतकी गतिविधियों के चलते ऊधम सिंह नगर पुलिस अलर्ट मोड़ पर आ गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उत्तर प्रेदश के पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर और पड़ोसी देश नेपाल सीमा पर चेकिंग शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पूर्व में खालिस्तानी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर नजर रखने के साथ ही उनकी वर्तमान लोकेशन की भी जांच की जा रही है। मिश्रित आबादी क्षेत्रों में पुलिस गश्त, पेट्रोलिंग एवं पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा का कहना है कि ऊधम सिंह नगर पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट है। यूपी से सटे बार्डर पर चेकिंग की जा रही है। जिले में खालिस्तानी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।





