राइडिंग का शौक रखने वाला सूरज कभी न लौटने वाली यात्रा पर रवाना, गमगीन माहौल में अंत्येष्टि

अपराध/दुर्घटना

स्पोर्ट्स बाइकिंग का शौक रखने वाला सूरज उस अनंत यात्रा पर चला गया, जहां से कोई लौटकर नहीं आता। मंगलवार शाम खटीमा के पास चकरपुर हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय सूरज जोशी का निधन हो गया। बुधवार शाम चंपावत के मल्लाडेश्वर घाट पर गमगीन माहौल में सूरज का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में घायल 20 वर्षीय पवन बिष्ट का बरेली राममूर्ति अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूरज व पवन बाइक से बरेली से चंपावत लौट रहे थे।
सूरज बाइक के साथ होली, दीपावली मनाया करता था। नई जगह जाना, फोटो खिंचाने के साथ रील बनाना सूरज का जुनून बन गया था। वीडियो बनाने के लिए उसने हेलमेट, बाइक की स्टेयरिंग वाला कैमरा लिया था। कुछ माह पहले बाइकर्स का दल लेह गया था। छोटी उम्र में ही सूरज कई जगह की सैर कर चुका था। सूरज ने फेसबुक आइडी पर अपने बायो में अंग्रेजी में लिखा है ‘मुझे अपने ऊपर विश्वास है!! और यही काफी है!!’ बाइक के आगे और पीछे देवोन राइडर लिखा था। सूरज के पिता भवानी दत्त जोशी टैंट व्यापारी हैं। ज्याड़ा बरगोली निवासी परिवार अब चंपावत नगर में रहता है। व्यापार को सूरज का बड़े भाई शंकर जोशी संभालते हैं। तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में घायल पवन बिष्ट के पिता रमेश बिष्ट चंपावत व्यापार मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *