सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के डीजी अमृत मोहन प्रसाद ने पिथाैरागढ़ में झूलाघाट व चंपावत में पंचेश्वर सीमांत चौकी पहुंचकर निरीक्षण किया। दो दिवसीय दौरे पर आए प्रसाद ने सीमांत क्षेत्र में चौकसी रखने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सजगता बढ़ाने के निर्देश दिए। नेपाल सीमा से लगे रुपालीगाड़ व पंचेश्वर क्षेत्र में निर्माणाधीन सीमांत सड़क के मामले में कार्यदायी संस्था पीआइयू के अधिकारियों से वार्ता की। डीजी ने जवानों से बात करने के साथ चंपावत स्थित पांचवीं व पिथौरागढ़ की 55वीं वाहिनी मुख्यालय का निरीक्षण करने के साथ व्यवस्थाएं देखीं।
पिथौरागढ़ में झूलाघाट चौकी का निरीक्षण करने के बाद हेलीकाप्टर से चंपावत पहुंचे डीजी का कमांडेंट अनिल कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। सहायक कमांडेंट नवनीत यादव ने गार्ड आफ ओनर दिया। वाहिनी मुख्यालय में पौधारोपण करने के बाद डीजी ने जवानों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। मुख्यालय स्थित शस्त्रागार, कार्यालय, जवान बैरिक, मैस, वाहिनी चिकित्सालय व परिवहन शाखा का निरीक्षण करने के साथ जरूरी जानकारी ली। कमांडेंट ने पीपीटी के माध्यम से भारत-नेपाल बार्डर व वहां सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया। संवाद कार्यक्रम में जवानों का उत्साह बढ़ाया। यहां सीमांत मुख्यालय रानीखेत के आइजी अमित कुमार, कमांडेंट मनोज कुमार, डा. विशाल बरनवाल, द्वितीय कमान अधिकारी अमित कुमार, उप कमांडेंट शिव राम, सीएस पाटिल, हेमंत कुमार, करन चौहान, सहायक कमांडेंट संजय कुमार, निरीक्षक अरविंद कुमार मौजूद रहे।





