दिल्ली में कार्यरत एनएसजी कमांडो की गोली लगने की वजह से मौत हो गई है। नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता निवासी एनएसजी कमांडो को फायर ड्रिल के दौरान गोली लग गई। दिल्ली में पोस्टमार्टम के बाद कमांडो का पार्थिव शरीर घर लाया जाएगा। इस समाचार से हर कोई गमजदा है।
बिंदुखत्ता के खैरानी नंबर दो निवासी 30 वर्षीय नरेंद्र सिंह भंडारी एनएसजी कमांडो हैं। वह 10 वर्ष पहले सेना का हिस्सा बने थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम दिल्ली में फायर ड्रिल के दौरान नरेंद्र को गोली लग गई। उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह परिवार जनों को मिली। इससे हर कोई दुखी है। गुरुवार को सैन्य सम्मान के साथ नरेंद्र की अंत्येष्टि की जाएगी।
शादी के कार्ड बंटवाने में व्यस्त था परिवार
कुमाऊं रेजीमेंट से भर्ती हुए नरेंद्र वर्तमान में दिल्ली में तैनात थे। इससे पहले वह जम्मू कश्मीर में तैनात रहे हैं। नरेंद्र की दो सप्ताह बाद शादी होनी थी। 19 नवंबर को नरेंद्र की शादी लोहाघाट निवासी युवती से होनी थी। इसके लिए हल्द्वानी में बैक्वेट हाल बुक किया गया था। परिवारजन शादी के कार्ड छपवाकर रिश्तेदारों तक पहुंचाने में व्यस्त थे। खुशी के इस पल से पहले कभी न भूलने वाला गम मिल गया। कमांडो नरेंद्र भंडारी के पिता गोपाल सिंह भंडारी भी पूर्व सैनिक रहे हैं। दो वर्ष पूर्व उनका निधन हो गया था। नरेंद्र के बड़े भाई यशवंत सिंह किसान हैं। बीच के भाई माधव सिंह रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात हैं।




