साधन सहकारी समिति (पैक्स) दुबड़ में 81.08 लाख के गबन मामले की विवेचना के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किया है।पाटी विकासखंड की दुबड़ पैक्स में 2010 से 2024 तक कार्यरत रहे तत्कालीन समिति सचिव जयराम पर 81 लाख से अधिक का गबन करने का आरोप है। किसानों के आंदोलन करने पर डीएम नवनीत पांडे ने तहसीलदार ईश्वर भीमा की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की।

समिति ने गबन की पुष्टि की। इसके बाद एडीओ सहकारिता की तहरीर पर पाटी पुलिस ने 21 अप्रैल को जयराम पर गबन, दस्तावेज में कूटरचना समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी की। जयराम 28 अप्रैल को गिरफ्तार हुआ था। शनिवार को एसपी अजय गणपति ने प्रकरण के विवेचक पाटी थानाध्यक्ष ओमप्रकाश की अध्यक्षता में एसआइटी गठित कर दी। दल में थानाध्यक्ष रीठासाहिब कमलेश भट्ट, लोहाघाट थाने के एसआइ कुंदन सिंह, पाटी के कांस्टेबल कमलनाथ, रीठासाहिब के संदीप बोहरा को शामिल किया है। जांच दल प्रकरण की मजबूत पैरवी के लिए साक्ष्य जुटाने का काम करेगी। जांच दल पुलिस क्षेत्राधिकार चंपावत की निगरानी में काम करते हुए प्रकरण को अंजाम तक पहुंचाएगा।





