महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही, उल्टा बढ़ते जा रही है। आंचल दूध और उससे निर्मित उत्पादों के मूल्य में वृद्धि होने जा रही है। यह बढ़ोतरी एक रुपये से 10 रुपये है। चंपावत दुग्ध संघ के प्रबंधक पुष्कर नगरकोटी ने बताया कि आंचल खुले दूध में दो रुपये लीटर, स्टैंडर्ड मिल्क के 400 मिली के पैकेट में एक रुपये, 200 ग्राम दही में दो रुपये, 200 ग्राम पनीर में पांच रुपये की वृद्धि की गई है। एक किलोग्राम पनीर के दाम में 10 रुपये की वृद्धि हुई है। नए मूल्य के बाद खुला दूध 50 रुपये लीटर, 200 ग्राम पनीर 75 रुपये, एक किलो पनीर 360 रुपये में मिलेगा। बढ़ी दरें छह मई से लागू होगी। चंपावत में प्रतिदिन आठ हजार लीटर से अधिक दूध की खपत होती है। दही, पनीर, घी की भी अच्छी मांग है।





