आंखों की रोशनी जाने की डर से एक युवक ने दुकान में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से पतपुरी खजूरिया रामपुर यूपी और हाल प्रीत विहार रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र शंकर लाल यदुवंशी काशीपुर बाइपास रोड स्थित दुकान पर काम करता था। शुक्रवार सुबह 11 बजे घर से दुकान के लिए निकला। दुकान खोलने के बाद उसने छत पर लगे लोहे के पाइप पर फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद दुकान स्वामी समेत अन्य कर्मचारी पहुंचे तो उसे लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी होशियार सिंह पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। घटना का पता चलते पर स्वजन पहुंच गए। दीपक की लाश देखकर उनमें कोहराम मच गया। दीपक छह माह से काका कार बााजार में काम कर रहा था। इससे पहले सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। उसकी आंखों की रोशनी कम हो गई थी, जिसके चलते उसे चश्मा लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि उससे कहा गया था कि उसकी आंखों की रोशनी जाने वाली है, जिसके बाद से वह परेशान रहने लगा था। इसी के चलते उसके आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। आदर्श कालोनी चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है।





