सुमित ने जिस पत्नी के प्रेम विवाह किया था। साथ जीने-मरने की कसम खाई थी। उसी पत्नी ने नए प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करा दी। पत्नी-पति के बीच किसी तीसरे की एंट्री सुमित की मौत की वजह बन गई। पुलिस ने लापता आटो चालक की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दो लोग फरार बताए जा रहे हैं।
शातिर पत्नी ने ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी
ऊधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि रमपुरा निवासी रेनू ने 16 नवंबर को तहरीर सौंपते हुए कहा था कि 14 नवंबर की रात से उसका पति गायब है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। घर के पास लगे सीसीटीवी चेक किए तो उसमें सुमित जाता हुआ दिखाई दिया। वह कहां गया इसका पता नहीं चला। पुलिस को सूचना मिली कि सुमित की पत्नी का रमपुरा वार्ड-24 निवासी गणेश चंद्रा से मिलना-जुलना है।
गणेश से दोस्ती ने पुलिस को दिखाया रास्ता
गणेश से नजदीकी ने पुलिस को इस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता दिया। पूछताछ में गणेश गुमराह करता रहा। पुलिस ने उसके मोबाइल की सीडीआर निकाली तो उसके रेनू के साथ बातचीत की जानकारी हुई। गणेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। उसने सुमित की पत्नी रेनू के प्यार में पड़कर अपने साथी रमपुरा निवासी वंश, दीपक कोली, शिवम व खानपुर बिलासपुर रामपुर निवासी गोविंदा के साथ मिलकर 14 नवंबर की रात सुमित की हत्या की बात कबूली।
ये भी पढ़ें:शराब कारोबारी महिला ने सरकार के 29 लाख दबाए, बैंक प्रबंधक और महिला पर मुकदमा
पहले शव बहाया, दो दिन बाद दफनाया
हत्यारोपी ने बताया कि हत्या के बाद सुमित का शव पहले कल्याणी नदी में बहाया। दो दिन बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव का दफना दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने गणेश की निशानदेही पर प्रीत विहार स्थित कल्याणी नदी किनारे से दफनाया गया सुमित का शव बरामद कर लिया। वंश, दीपक व मृतक की पत्नी रेनू भी पुलिस हिरासत में हैं। गोविंदा व शिवम की तलाश जारी है। एसपी ने घटना खोलने वाली टीम को 2500 रुपये इनाम दिया है।





