लाखों की धोखाधड़ी करने के बाद चार वर्ष से फरार 25 हजार के इनामी को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हिमाचल से गिरफ्तार किया है। आरोपी नाम बदलकर फर्जी आधार कार्ड बनाकर परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
ऊधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा व एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 2020 में मेरठ यूपी निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल रक्षित कुमार से मकान और प्लाट दिखाने के नाम पर हाईटेक इंजीनियर्स रुद्रपुर निवासी गुरदीप सिंह उर्फ गुरप्रीत पुत्र सुरेंद्र सिंह ने 27.37 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। रुद्रपुर कोतवाली में 22 नवंबर 2020 को प्राथमिकी हुई। आरोपी परिवार समेत फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई प्रयास किए लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। सूचना पर गुरदीप सिंह उर्फ गुरप्रीत के हिमाचल प्रदेश में परिवार के साथ रहने की जानकारी मिली। एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह, एसआइ बृजभूषण गुरुरानी, एएसआइ प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल जगपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह कनवाल और रुद्रपुर कोतवाली के एसआइ देवेन्द्र सिंह मेहता तथा कांस्टेबल अजय रावत ने आरोपी को वार्ड छह, मेन रोड हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।





