सीएम पुष्कर धामी की विधानसभा वाले चंपावत नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रत्याशियों ने अपने आय-व्यय का हिसाब राज्य निर्वाचन आयोग को दिया है। प्रत्याशियों के प्रपत्र के अनुसार संपत्ति के मामले में भाजपा प्रत्याशी प्रेमा पांडेय अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों पर भारी हैं। निर्दलीय ममता वर्मा की अपेक्षा प्रेमा पांडेय के पास तीन गुना अचल है। तीनों के पास भव्य आवासीय परिसर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कृषि-गैर कृषि भूमि है।
प्रेमा पांडेय की अचल संपत्ति जानें
भाजपा प्रत्याशी प्रेमा पांडेय पांच हजार नकद व 4.25 लाख बैंक जमा से चुनाव लड़ रही हैं। उनके पति शंकर पांडेय के पास 15 हजार नकद व बैंक खातों में 15.25 लाख रुपये जमा हैं। एक लाख रुपये बैंक शेयर है। खुद के नाम विभिन्न बैंकों में 16.10 लाख रुपये बचत है। अचल संपत्ति में प्रेमा के नाम माजगांव में आठ लाख मूल्य की 20 मुट्ठी जमीन है। पति के नाम माजगांव में दो करोड़ मूल्य की 32 नाली पैतृक जमीन है। चंपावत बाजार में दो करोड़ मूल्य का होटल व पैतृक गांव में 40 लाख मूल्य का तीन मंजिला मकान है। दोनों की अचल संपत्ति 4.48 करोड़ है।
कांग्रेस की नीमा कठायत की संपत्ति
कांग्रेस प्रत्याशी नीमा कठायत भी संपत्ति के मामले में पीछे नहीं हैं। नीमा के पास 10 हजार, पति पूरन कठायत के पास एक लाख रुपये नकद है। नीमा के बैंक खाते में 4.70 लाख व पति के खातों में 14.60 लाख रुपये जमा है। खुद के नाम विभिन्न बैंकों में 10.76 व पति के नाम 29.04 लाख रुपये बचत है। अचल संपत्ति में नीमा के पास टनकपुर आमबाग में एक बीघा कृषि भूमि व चंपावत में 20 मुट्ठी जमीन है। दोनों का मूल्य 22 लाख दर्शाया है। पति के नाम ग्राम खुनाड़ी में 50 नाली व चंपावत बाजार में 16 नाली जमीन है। दोनों का मूल्य 1.11 करोड़ है। चंपावत बाजार में 90 लाख मूल्य के आवासीय व वाणिज्यिक भवन हैं। खुनाड़ी में पैतृक 2.5 लाख का पैतृक मकान है। दोनों की अचल संपत्ति 2.25 करोड़ की है।
ममता की अचल संपत्ति की कीमत
निर्दलीय प्रत्याशी ममता वर्मा के हाथ में 50 हजार व बैंक में एक लाख रुपये है। पति विजय वर्मा पर एक लाख नकद व 1.08 लाख बैंक जमा है। दंपती के अलावा बच्चे के नाम एलआइसी में निवेश है। अचल संपत्ति देखें तो ममता के नाम 15 लाख मूल्य की एक नाली कृषि भूमि है। आवासीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठान का मूल्य 80 लाख रुपये है। पति के नाम 35 लाख मूल्य की पांच नाली कृषि भूमि व 15 लाख मूल्य का मकान है। दोनों की अचल संपत्ति 1.45 करोड़ की है।
ज्वैलरी: ममता के पास सबसे कम सोना
ज्वैलरी कारोबार परिवार वालीं ममता के पास सबसे कम 10 ताेला सोना है। प्रेमा पांडेय 11 तोला व नीमा कठायत 15 तोला सोना पहनती हैं। शिक्षा की बात करें तो 45 वर्षीय नीमा ने 1997 में कुमाऊं विवि से समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र व हिंदी में स्नातक किया है। 57 वर्षीय प्रेमा पांडेय ने 1983 में हाईस्कूल किया था। 45 वर्ष की उम्र में 2013 में ओपन स्कूलिंग से इंटरमीडिएट पास किया है। 36 वर्षीय ममता ने 2004 में हाईस्कूल किया है।
वाहन:फार्च्यूनर व इनोवा में चलते हैं परिवार
प्रेमा पांडेय के परिवार में इनोवा व होंडा अमेज कार है। नीमा कठायत के परिवार में फार्च्यूनर, फोर्ड फेस्टा, वेगनआर, बोलेरो व स्कूटी हैं। ममता के परिवार में एक बोलेरो व स्कूटी है।






