इंडियन रिजर्व बटालियन (आइआरबी) में दरोगा पद पर कार्यरत बनबसा क्षेत्र के पचपकरिया गांव निवासी पुष्कर जोशी का सड़क हादसे में निधन हो गया। रविवार दोपहर बाद बनबसा शारदा घाट पर पुलिस सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। पुष्कर के असामयिक निधन से परिवार पर दुख टूट पड़ा है।
आइआरबी बेलपड़ाव (रामनगर) में उप निरीक्षक के तौर पर तैनात पुष्कर जोशी की उम्र 33 वर्ष थी। शनिवार को वह डाक देने नजीबाबाद गए थे। वापसी के दौरान जसपुर नादेही रोड पर फीका पुल के पास उनकी बुलेट को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह घायल पुष्कर ने अस्पताल पहुंचने तक दम तोड़ दिया था। रविवार को जसपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव उनके गांव पचपकरिया लाया गया। आइआरबी बेलपड़ाव से पहुंची टुकड़ी से दिवंगत दरोगा को पुलिस सलामी दी। गमगीन माहौल के बीच चाचा देवकी नंदन जोशी ने चिता को मुखाग्नि दी। एसओ सुरेंद्र सिंह कोरंगा, पूर्व सैनिक समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
छह माह के मासूम से पिता का साया छिना
पुष्कर के पिता आनंद बल्लभ जोशी पूर्व सैनिक हैं। पुष्कर का छह माह का बेटा है। पति को खोने के बाद पत्नी बेसुध है। पुष्कर की दो बहनें हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। रिश्तेदार और पड़ोसी ढांढस बंधा रहे हैं।




