ठेकेदार के श्रमिकों ने आधी रात को बीएसएनएल की ओएफसी काटी, उपभोक्ता 16 घंटे परेशान

पर्यटन/विकास

ठेकेदार के श्रमिकों ने आधी रात को बीएसएनएल की ओएफसी काटी, उपभोक्ता 16 घंटे परेशान
चंपावत नगर क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का काम कर रही कंपनी के श्रमिकों ने बीएसएनएल की मुख्य लाइन की आप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) काट दी। इससे जिला मुख्यालय, लोहाघाट नगर समेत आसपास के क्षेत्र में मोबाइल व इंटरनेट सेवा ठप हो गई। करीब 16 घंटे तक सेवा बाधित होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकारियों के मोबाइल से नेटवर्क गायब होने की वजह से संवाद नहीं हो पाया।

चंपावत में मंगलवार रात 10 बजे के आसपास मजदूरों ने ब्लाक रोड किनारे लाइन खोदते समय बीएसएनएल की ओएफसी काट दी। इससे मोबाइल से नेटवर्क गायब हो गए। इंटरनेट व ब्राडबैंड सेवा भी पूरी तरह बाधित हो गई। सुबह कार्यालय, बैंक, सीएचसी सेंटर व आनलाइन कामकाज वाले दूसरे स्थानों में इंटरनेट नहीं चल पाया। जिले में ब्राडबैंड के 600 उपभोक्ता हैं। बीएसएनएल के जेटीओ विजय बहादुर के अनुसार चंपावत, लोहाघाट, देवीधुरा, मंच तामली से लेकर चल्थी तक का क्षेत्र प्रभावित रहा। बुधवार सुबह पिथौरागढ़ से आई टीम ने ओएफसी जोड़ने का काम शुरू किया। अपराह्न 2:30 बजे के आसपास सेवा बहाल होनी शुरू हुई। कई क्षेत्रों में चार बजे तक सेवा बहाल हुई। उपभोक्ताओं का कहना है कि आवश्यक सेवाओं को बाधित करने वाली कंपनी के विरुद्ध प्राथमिकी होनी चाहिए। अवर दूरसंचार अधिकारी विजय बहादुर ने बताया कि ओएफसी काटने को लेकर कार्यदायी कंपनी के विरुद्ध उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई है।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *