विजिलेंस ने कानूनगो को 40 हजार की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट तहसील में कार्यरत कानूनगो ने शिकायतकर्ता को भू-ग्राही अधिनियम की धारा के तहत चालान काटने का डर दिखाया। शिकायतकर्ता विजिलेंस को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में प्रतिबंधित भूमि पर दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति दिए जाने के बदले और तोक छनपट्टा में बनने वाले मकान के निर्माण करने पर कानूनगो नारायण सिंह करायत ने 40 हजार रुपए की घूस मांगी। डीडीहाट तहसील के आवासीय परिसर में शुक्रवार को कानूनगो नारायण सिंह को 40 हजार की धनराशि नगद घूस लेते हुए पकड़ लिया गया। निदेशक सतर्कता डॉ वी मुरुगेशन ने टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। अगर आपसे भी कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले घूस मांगता है या फिर आपके आसपास किसी ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है तो उसकी शिकायत सतर्कता विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1064 पर कर सकते हैं। व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर भी शिकायत की जा सकती है।





