दो लाख रुपये डकार ग्रामीणों के गले सुखाने वाला गिरफ्तार, अब पिता-जेई पर पुलिस की नजर

अपराध/दुर्घटना

पेयजल योजना की मरम्मत के नाम पर दो लाख रुपये से अधिक डकारने का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी से पाइप, साकेट आदि बरामद हुए हैं। प्राथमिकी होने के बाद आरोपी रातों-रात काम शुरू कराना चाहता था। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में बंदीगृह भेजा गया है। जल्द ही दूसरा आरोपी ठेकेदार व फर्जी निरीक्षण आख्या लगाकर धनराशि डकारने का मददगार अवर अभियंता के भी पुलिस के हत्थे चढ़ने की उम्मीद है।
पाटी विकासखंड के धरसों गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहन नाथ ने 10 फरवरी को रीठा साहिब थाने में तहरीर देकर बताया था कि पिछले वर्ष बरसात में गांव की पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई थी। मछियाड़ निवासी भुवन चंद्र भट्ट ने अपने ठेकेदार पिता तिलोमणी भट्ट पुत्र प्रेम बल्लभ के नाम पर योजना की मरम्मत की दो लाख रुपये से अधिक राशि डकार ली। प्रारंभिक जांच के बाद 16 फरवरी को भुवन व तिलोमणी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत हुआ। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस ने 33 वर्षीय भुवन को पिकअप वाहन से गिरफ्तार कर लिया। पिकअप से एक इंच व्यास के 39 पाइप, 31 साकेट, छह यूनियन, दो एल्बो मिले हैं। साथ में फाइल में तिलोमनी भट्ट के नाम की एसबीआइ, डीसीबी की छह एफडी व तीन बैंकों के 14 ब्लैक चेक मिले हैं।

थानाध्यक कमलेश भट्ट की गंभीरता आई काम
मामले में रीठा साहिब थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट शुरुआत से ही गंभीर रहे। उन्होंने न केवल ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लिया बल्कि मामले में तत्काल छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर अपराध पंजीकृत किया और विभागीय स्तर से जरूरी जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष ने बताया कि संबंधित जेई के कहने पर आरोपी रातों-रात गांव में पेयजल लाइन का मरम्मत कार्य कराना चाहता था।ठेकेदार व जेई की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। पुलिस टीम में एएसआइ कुंदन बोहरा, हेड कांस्टेबल पूरन नाथ, कांस्टेबल मनोज कुमार, चालक सुमित राणा शामिल रहे।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *