सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर दिल्ली निवासी व्यक्ति से धातु की मूर्ति बरामद की है। नेपाल ले जाई जा रही 20 किलो से अधिक वजन की मां दुर्गा की मूर्ति को पीतल की बताया जा रहा है। एसएसबी ने मूर्ति को कस्टम विभाग को सौंप दिया।
एसएसबी के 57वीं वाहिनी की टीम बनबसा चेक पोस्ट पर ड्यूटी पर थी। मंगलवार देर शाम जांच के दौरान हरीश पुत्र देव सिंह, निवासी महरौली, दक्षिण दिल्ली के सामान की जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु होने का पता चला। खोलकर देखने पर सफेद प्लास्टिक की बोरी में मां दुर्गा की पीतल की मूर्ति मिली। मूर्ति का वजन 20.520 किलो है। पूछने पर व्यक्ति ने मूर्ति को दिल्ली से खरीदने व नेपाल ले जाने की बात कही। व्यक्ति मूर्ति खरीदने संबंधित कोई वैध दस्तावेज़ नहीं दिखा पाया। तस्करी के संदेह में बरामद मूर्ति को जब्त कर कस्टम विभाग को सौंप दिया। एसएसबी के जांच दल में सहायक कमांडेंट जशोबंता सेनापति, आरक्षी कृष्ण कुमार, सुनील कुमार, बबीता कुमारी आदि शामिल रहे।





