गांव के पेयजल स्रोत से दूसरे गांव पानी की लाइन ले जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। नाराज ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और विरोध स्वरूप प्रदर्शन किया। बाद में चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी उपेक्षा होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ग्राम पंचायत बलाई के नई बलाई तोक स्थित पानी के स्रोत से दूसरे गांव को पानी की लाइन ले जाई जा रही है। हर घर जल हर घर नल योजना से तहत बन रही योजना का ग्रामीणों ने विरोध किया है। सोमवार को ग्राम प्रधान प्रशासक जानकी बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि उनका गांव पानी के संकट से जूझता है। गांव के पेयजल स्रोत से पूर्व में अन्य गांवों के लिए चार पेयजल योजनाएं बनाई गई हैं। तब ग्रामीणों को भी पेयजल योजना से जोड़ने का आश्वासन दिया गया था। जिस कारण उन्होंने अनापत्ति प्रमाणपत्र दिया, लेकिन बाद में गांव को योजना से वंचित कर दिया गया। अब नई योजना बनाते हुए ग्राम पंचायत खूना बोरा क्षेत्र के अंडोली के आगर तोक के लिए लाइन ले जाने की तैयारी चल रही है। विस्तृत परियोजना आख्या बनाते समय आगर तोक को याेजना में शामिल नहीं किया गया था। दूसरे जगह पानी जाने से स्रोत में और कम पानी रह जाएगा। जिस कारण उनका गांव खुद पानी से वंचित जा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में मुकेश सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह, दीपक सिंह, सुंदर सिंह, चंद्र सिंह, शिवराज सिंह, दीवान सिंह, चंचल सिंह, पंकज, कमला देवी, लक्ष्मण सिंह मौजूद रहे। प्रभारी एसडीएम नितेश डांगर ने प्रकरण को दिखवाने की बात कही है।





