अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। सीडीओ देवेश शासनी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचने में शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्टाल लगाकर समस्याओं का निराकरण किया गया। सीडीओ ने स्टालों के अवलोकन करने के साथ जल जीवन मिशन के तहत निर्मित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण, राजस्व, जल निगम, विद्युत, पर्यटन, बाल विकास, कृषि, उद्यान, सहकारिता, एनआरएलएम, रीप, स्वास्थ्य, पशुपालन, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





