
देश में नए तरह के वायरस के मामले सामने आए हैं। कोरोना से मिलते लक्षणों वाले वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। चंपावत जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचएमपीवी (ह्यूमन मेटानिमो वायरस) को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बना लिया गया है।
एचएमपीवी के लिए उत्तराखंड सरकार ने गाइडलाइन जारी कर दी है।प्रभारी स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा की ओर से जारी आदेश के बाद चंपावत में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस वायरस में सर्दी, जुकाम, खांसी, सांस में तकलीफ, थकान, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है। बच्चों-बुजुर्गों और किसी तरह के गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
डरने की नहीं सतर्कता की जरूरत: सीएमओ
सीएमओ डॉ देवेश चौहान का कहना है कि जिला अस्पताल में एचएमपीवी से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया है। जिले में वायरस से लड़ने के लिए तैयारी कर दी है। एचएमपीवी सर्दी जुकाम के लक्षणों के साथ आता है। बीमारी को लेकर डरने की नहीं बल्कि सतर्कता की जरूरत है।





