सेवा संकल्प फाउंडेशन के सहयोग से सीएम पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को चंपावत जिला मुख्यालय के नजदीक घटकू मंदिर परिषद में शिविर आयोजित किया गया। शनिवार को टनकपुर में शिविर आयोजित होना है। शिविर में दिल्ली अपोलो अस्पताल के अलावा देहरादून से विशेषज्ञ डॉक्टर आकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने कहा है कि चंपावत मुख्यमंत्री धामी का विधानसभा क्षेत्र है। मुख्यमंत्री को चंपावत जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। आदर्श चंपावत के तहत ऐसी स्वास्थ्य सेवाएं विकसित हों ताकि नौकरी और रोजगार की वजह से दिल्ली व दूसरे महानगरों में रहने वाले पहाड़ के लोग बेहतर और सस्ते उपचार के लिए चंपावत आएं। बेहतर उपचार की चाह में मरीज को हल्द्वानी रेफर करने की जरूरत न रहे। स्वास्थ,शिक्षा, रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की चाह में पलायन न करना पड़े। चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर अस्पताल में ऐसे विशेषज्ञ तैनात हों कि दिल्ली से डॉक्टर बुलाने की आवश्यकता न पड़े। एक दिन के लिए बाहर से डॉक्टर बुलाकर शिविर लगाने से पहाड़ की सेहत नहीं सुधर सकती।





