डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में पांच माह ‘एएमए’ बने रहे सीडीओ एसके सिंह, पौड़ी हुआ ट्रांसफर

धर्म/समाज/संस्था

पिछले सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत के स्थानांतरण के बाद दिसंबर 2023 में चंपावत के सीडीओ यानी मुख्य विकास अधिकारी बनकर आए संजय कुमार सिंह का डेढ़ वर्ष के भीतर ही स्थानांतरण हो गया है। अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में एसके सिंह पांच माह जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी यानी एएमए बने रहे। इस दौरान सिंह ने जिला पंचायत से जुड़े 56 लाख के विकास कार्यों के टेंडर कराए। हैरानी की बात है कि जब एसके सिंह के पास जिला पंचायत का वित्तीय अधिकार था, तब कुछ समय के लिए जिला पंचायत में दो एएमए कार्यरत थे, जबकि कुछ समय एक एएमए कार्यरत रहे। जिला पंचायत के इस प्रकरण को राजनीतिक पहुंच, सत्ता के दखल व आपसी टकराव के नतीजे के रूप में देखा गया। फिलहाल एसके सिंह के स्थानांतरण पर कई तरह की चर्चा है।

एसके सिंह के चंपावत आने के तीन माह के बाद अप्रैल 2024 में एक पत्र भी चर्चा में रहा। विकास भवन के समस्त कर्मचारी के नाम से वायरल पत्र सीएम को संबोधित था। पत्र में भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप थे। हालांकि तब पत्र पर न कोई जांच हुई और न किसी तरह की कार्रवाई। यहां बता दें कि चंपावत सीडीओ रहे एसके सिंह को ग्राम्य विकास विभाग में संयुक्त विकास आयुक्त पद पर भेजा गया है। ग्राम्य विकास का आयुक्त कार्यालय पौड़ी में है। जीएस खाती चंपावत के नए सीडीओ होंगे। खाती अभी तक सीडीओ रुद्रप्रयाग के रूप में सेवा दे रहे थे।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *