सीएम धामी ने जवानों संग मनाई दिवाली, बोले-इनकी वजह से रोशन होता हर घर

धर्म/समाज/संस्था राजनीति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर्व को सेना के जवानों के साथ मनाया। बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में धामी ने कहा कि सैनिक घर से दूर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। जवान के भारत माता की सुरक्षा में तैनात रहने की वजह से देश खुशी के साथ दिवाली मना पाता है। ऐसे जांबाजों के बीच आकर दीपावली का त्योहार मनाना सौभाग्य की बात है।

शुक्रवार को हुए समारोह में सीएम धामी ने एसएसबी, सीआइएसएफ जवानों ओर पूर्व सैनिकों से भी भेंट की। एसएसबी के अधिकारियों, जवानों और उनके स्वजन को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली के शुभ अवसर पर आप सबके बीच में आकर मैं बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कहते हैं पर्व वहीं होता है जहां परिवार होता है। सब मिलकर उत्सव मनाते हैं। पर्व के दिन अपने परिवार से दूर रहना अपने आप में कर्तव्यनिष्ठा की पराकाष्ठा है। पूरा देश दीपावली मना रहा है तो हमारे जवानों की बदौलत।

श्रीराम घर पधारे, अबकी दिवाली खास

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बलिदानी सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली 10 लाख रुपये की धनराशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का प्रावधान किया गया है। इस बार की दीपावली बहुत विशेष है, क्योंकि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान राम अपने घर में आए हैं।

मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर हो रहा देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले के समय में हम बड़ी संख्या में विदेश से हथियार खरीदते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। आज 200 से अधिक सैन्य उपकरण हमारे देश में तैयार हो रहे हैं। यहां डीएम नवनीत पांडे, एसपी अजय गणपति आदि मौजूद रहे।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *