समाज को नशा देकर खुद बना करोड़ों का मालिक, छह एकड़ जमीन, लग्जरी कार; दो ट्रैक्टर

अपराध/दुर्घटना

स्मैक तस्करी का आरोपित 32 वर्षीय मंगत सिंह उर्फ मंगू बहुत शातिर खोपड़ी वाला है। पिछले तीन वर्षों से मंगू नशे का सौदागर बनकर काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार वह खुद स्मैक नहीं पीता है, लेकिन समाज को स्मैक का लती बना रहा था। इस कारनामे से उसने करोड़ों की संपत्ति जोड़ ली। मंगू ने कुछ समय पहले ही एक कार व दो ट्रैक्टर खरीदे हैं। आराेपित के नाम नानकमत्ता में छह एकड़ जमीन भी है।

लग्जरी कार के बावजूद बाइक से तस्करी
पुलिस के अनुसार आरोपित मंगू ने कुछ समय पहले ग्रांड आइ-20 कार खरीदी है। पुलिस को शक न हो इसलिए वह कार होने के बावजूद सप्लाई के लिए मोटरसाइकिल का उपयोग करता था। स्मैक को पीलीभीत व बरेली से लाता था।

तस्करों का नेटवर्क किया तैयार
मंगू ने टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में स्मैक वितरकों का नेटवर्क तैयार किया। बरेली व पीलीभीत से खुद स्मैक की खेप लाकर वह स्थानीय वितरकों को आपूर्ति करता था। स्थानीय वितरक ग्राहकों को सप्लाई करते थे।

कई और आरोपित आएंगे पकड़ में
चंपावत एसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपित वितरकों से यूपीआइ के माध्यम से भुगतान लेता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके यूपीआइ की जांच की गई। एक दिन में कई बार आनलाइन लेनदेन किया है। मंगू के माध्यम से पुलिस स्थानीय वितरकों तक पहुंच सकती है। टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में चार से छह लोग चिह्नित किए गए हैं। एसपी ने बताया कि जल्द ही स्मैक के वितरकों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *