
चंपावत जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका होने का गौरव टनकपुर को प्राप्त है। भाजपा, कांग्रेस व बसपा के घोषित प्रत्याशी समेत यहां सात चेहरे अध्यक्ष बनने के लिए मैदान में उतरे हैं। सभी प्रत्याशी हाईस्कूल या उससे ऊपर की शिक्षा प्राप्त हैं। भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार के पास एमए, एलएलबी की डिग्री है। कांग्रेस प्रत्याशी हेमा वर्मा ने बीए, बीटीसी किया है। यानी विपिन कुमार वकालत के पेशे हैं, जबकि हेमा ने बुनियादी प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। इसके अलावा दो प्रत्याशी बीए, एक इंटरमीडिएट व दो हाईस्कूल तक पढ़े हैं।
निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को अपनी आय-व्यय के साथ रोजगार व शिक्षा का ब्योरा नामांकन प्रपत्र के साथ राज्य निर्वाचन आयोग को देना होता है। भाजपा प्रत्याशी 48 वर्षीय विपिन कुमार के पास 48 हजार नकद, 79 हजार बैंक खातों में जमा है। पत्नी के पास 25 हजार नकद, बैंक खाते में 43 हजार रुपये हैं। परिवार में एक कार, एक बाइक है। बिचई में 10 लाख मूल्य की अकृषि भूमि है। पत्नी निशा के नाम बहेड़ी में 7.50 लाख की भूमि है। वकालत से 6.88 लाख वार्षिक आय करते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी हेमा वर्मा 60 वर्ष की हैं। उनके तीन हजार नकद व 12 लाख बैंक खाते में जमा है। एक तोला सोना है। वार्ड दो में तीन मंजिला मकान है। पेंशन से 5.69 लाख वार्षिक आय होती है। बसपा प्रत्याशी 41 वर्षीय मो. उमर हाईस्कूल तक पढ़े हैं। उमर के पास पांच हजार नकद, बैंक खाते में 10 हजार रुपये हैं। पांच लाख की एलआइसी व बाइक है। पति-पत्नी के नाम एक-एक तोला सोना है। बहेड़ी में दो बीघा जमीन है। टिंबर मर्चेंट के नाम से साल में 1.44 लाख रुपये कमाते हैं।
निर्दलीय प्रत्याशियों का व्यवसाय
निर्दलीय प्रत्याशी 64 वर्षीय गंगा गिरी गोस्वामी ने बीए किया है। खुद के पास 15 हजार नकद, एक हजार बैंक में जमा है। बाइक व डेढ़ हेक्टेयर कृषि भूमि है। एलआइसी अभिकर्ता के काम से 4.80 लाख वार्षिक कमाते हैं। निर्दलीय नासिर हुसैन 52 वर्ष के हैं। 12वीं तक पढ़े नासिर के पास 1.40 लाख नकद, बैंक खाते में दो हजार रुपये है। पत्नी के बैंक खाते में 82 हजार रुपये हैं। कार, बाइक के अलावा पति-पत्नी के पास 12 तोला सोना है। मनिहारगोठ में छह लाख मूल्य की कृषि जमीन है। रेडीमेड गारमेंट के काम से छह लाख आय पाते हैं। निर्दलीय 46 वर्षीय विनोद सिंह हाईस्कूल तक पढ़े हैं। खुद के पास 50 हजार नकद, एक हजार बैंक व पत्नी के पास 20 हजार नकद व पांच हजार बैंक खाते में जमा है। दो वाहन, पत्नी के पास तीन तोला सोना है। 10 लाख मूल्य की भूमि है। स्वजन के नाम 25 लाख मूल्य का मकान है। व्यापार से सालाना 1.80 लाख की आय करते हैं। सबसे युवा प्रत्याशी 32 वर्षीय मो. हारून बीए तक पढ़े हैं। पांच हजार रुपये नकद व पांच हजार बैंक जमा के बल पर चुनाव लड़ रहे हैं। अविवाहित हैं। निर्वाचन प्रपत्रों में आय शून्य दर्शाई है।
विपिन दूसरी बार, हेमा पहली बार राजनीति में
भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार पिछली बार निर्दल प्रत्याशी के तौर पर जीतकर पालिकाध्यक्ष बने थे। बाद में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा ने विपिन पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस प्रत्याशी हेमा वर्मा पिछले वर्ष मार्च में प्राथमिक शिक्षिका पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। शिक्षा के बाद पहली बार राजनीति में खुद को आजमा रही हैं। खास बात है कि सात प्रत्याशियों में वह इकलौती महिला हैं। देखना है कि मतदाता किसे नगर की सरकार सौंपते हैं।





