अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील के मारचूला स्थित कूपी गांव के पास बस खाई में गिरने से 36 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। एक यात्री को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का रामनगर अस्पताल में उपचार चल रहा है। गढ़वाल के गौलीखाल से रामनगर आ रही बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस, प्रशासन का रेस्क्यू कार्य जारी है।

सोमवार सुबह आठ बजे के आसपास रामनगर की ओर को जा रही थी। मारचूला के पास पहुंचने पर बस अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। अल्मोड़ा व रामनगर से एंबुलेंस भेजी गई है। राहत बचाव का तेजी से किया जा रहा है। रामनगर व हल्द्वानी के अस्पतालों में घायलों के उपचार के लिए व्यवस्था की जा रही है।
43 सीटर बस में सवार थे 55 यात्री
गढ़वाल मंडल मोटर्स यूनियन की बस चालक समेत 43 सवारियों के लिए पास थी। जानकारी में आया है कि बस में 55 यात्री बैठे थे। शुरुआती जानकारी में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। तीन गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश, एक को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ओर 15 को रामनगर उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो एआरटीओ को किया निलंबित
सीएम पुष्कर धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के स्वजन को चार-चार लाख रुपये, घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। कुमाऊं आयुक्त को घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए हैं।




