एसएसबी ने आधी रात को नेपाल के रास्ते भारत आ रही चीन निवासी महिला को पकड़ा है। महिला संन्यासिनी के वेश में थी। महिला के पास भारत आने का वीजा नहीं था। पासपोर्ट से महिला के चीन की नागरिक होने की जानकारी हुई।
एसएसबी 57वीं वाहिनी की डी कंपनी बनबसा में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का जिम्मा संभालती है। बुधवार देर रात दो बजे टीम ने संदिग्ध प्रतीत हो रही महिला को जांच के लिए रोका। पासपोर्ट के आधार पर महिला की पहचान 30 वर्षीय Yang Qinhan निवासी चीन के रूप में हुई। महिला के पास वीजा व कोई अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिला। महिला ने सिर पर ऊं नम: शिवाय लिखा साफा लपेटा हुआ था। गले में रुद्राक्ष की मोटी माला पहने हुए थी। शरीर पर सफेद रंग की धोती लपेटे हुए थी। महिला अंग्रेजी भी सही ने नहीं बोल पा रही थी। वैधानिक कार्रवाई के लिए एसएसबी ने महिला को भारतीय अप्रवासन विभाग को सौंप दिया। बाद में अप्रवासन विभाग ने चीनी महिला को नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स को सौंपते हुए वापस भेज दिया। एसएसबी टीम में एसआई आरती बुनकर, एएसआई गोपी कृष्ण, आरक्षी जोसफिन दास, पूर्णमल, रमेश शामिल रहे।
नेपाल सीमा पर 24 घंटे निगरानी रहती है। बुधवार रात संन्यासिनी के वेश में चीनी महिला को पकड़ा गया। अग्रिम कार्रवाई के लिए महिला को अप्रवासन विभाग को सौंप दिया गया। आपराधिक गतिविधि, तस्करी आदि की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
-मनोहर लाल, कमांडेंट, एसएसबी 57वीं वाहिनी, सितारगंज




