पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में नानकमत्ता निवासी स्मैक तस्कर घायल हो गया। अभियुक्त के दाहिने पांव में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, कारतूस व 190 ग्राम स्मैक बरामद की है। अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस व शस्त्र अधिनियम में प्राथमिकी हुई है।
चंपावत जिले में स्मैक तस्कर से मुठभेड़ की पहली घटना है। एसपी अजय गणपति ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात बनबसा पुलिस व एसओजी टीम रात्रि में चेकिंग अभियान चला रही थी। चकरपुर से बनबसा की ओर आ रहे मोटर साइकिल सवार ने पुलिस को देख बाइक को तेज गति से बमनपुरी होते हुए हुड्डी नदी की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे देख उसने बाइक छोड़कर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पांव में गोली लग गई। अभियुक्त की पहचान 32 वर्षीय मंगत सिंह उर्फ मंगू, निवासी ग्राम गिधौर थाना नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। घायल का अस्पताल में उपचार चह रहा है।
आरोपित के विरुद्ध दर्ज है आर्म्स एक्ट में मामला
पुलिस ने अभियुक्त से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद की है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उससे मिली 190.2 ग्राम स्मैक को वह टनकपुर में सप्लाई देने जा रहा था। एसपी गणपति ने बताया कि अभियुक्त किसे सप्लाई देने जा रहा था और कहां से स्मैक लाया इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अभियुक्त के विरुद्ध 2023 में नानकमत्ता थाने में आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी पंजीकृत है।
कार्रवाई में शामिल रही टीम
थानाध्यक्ष बनबसा एसएस कोरंगा, एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण, एसआइ जितेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल गणेश सिंह, मतलूब खान, महेंद्र डंगलाव, कांस्टेबल ललित कुमार, जगदीश कन्याल, अनिल कुमार, रवींद्र बर्मन, उमेश राज, गिरीश भट्ट, नवल किशोर, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।





