निकाय चुनाव के लिए 26 को अधिसूचना, 15 को चुनाव के आसार

राजनीति

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव जल्द होने की संभावना है। आरक्षण की अनंतिम सूची जारी होने के बाद इसकी संभावना प्रबल हो गई है। सूत्रों के अनुसार निकायों में पदों व वार्ड आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी होने के बाद 26 दिसंबर को निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने की संभावना है। चुनाव कार्यक्रम लगभग तीन सप्ताह का रह सकता है।

राष्ट्रीय खेल के पहले चुनाव की तैयारी
राज्य में 28 जनवरी से 14 फरवरी तक राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है। पहली बार उत्तराखंड को इन खेलों की मेजबानी मिली है, सरकार इसमें व्यस्त रहेगी। ऐसे में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से पहले नगर निकाय चुनाव कराने पर जोर दिया जा रहा है।

22 को होगा आपत्तियों का निस्तारण
नगर निकायों में पदों और वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद इस पर आपत्तियां व दावे प्राप्त करने के लिए सप्ताहभर का समय दिया गया है। 22 दिसंबर को आपत्तियों व दावों का निस्तारण होना है। फिर पदों व वार्डों के आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी करने के साथ ही 23 अथवा 24 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयोग को इसकी विधिवत सूचना भेजी जाएगी। माना जा रहा कि इसके बाद 26 दिसंबर को आयोग चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है। निकाय चुनाव का कार्यक्रम तीन सप्ताह का हो सकता है। इस हिसाब से 15 जनवरी को निकाय चुनाव के लिए मतदान और 20 जनवरी को मतगणना हो सकती है।

पंचायत चुनाव भी दहलीज पर
निकाय चुनाव और राष्ट्रीय खेलों से निबटने के बाद राज्य में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव की तैयारी भी होनी है। त्रिस्तरीय पंचायतों में ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों का कार्यकाल नवंबर आखिर और जिला पंचायतों का दो दिसंबर को खत्म हो चुका है। प्रशासक नियुक्त हैं। छह माह के भीतर चुनाव कराने होंगे।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *