ये वाकया आपको चौका सकता है। सुनने और विश्वास करने में भले ये आपको झूठा लगे, लेकिन ये सौ आने सच है। चंपावत में यह मामला सामने आया है। शुक्रवार को यहां एक अनजान युवक PRD की वर्दी में नगर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालते नजर आया। सिर पर टोपी, पांव में बूंट पहने युवक ने बड़े उत्साहित होकर तीन से चार घंटे यातायात व्यवस्था संभाली। अब यह युवक कोतवाली की हवा खा रहा है।
नए साथी को देख असली जवान चकित
अब थोड़ा विस्तार से समझिए। शुक्रवार को चंपावत बाजार में एक नया PRD जवान ड्यूटी संभालते दिखा। नए साथी को देख अन्य जवान और ट्रैफिक पुलिस के सिपाही आपस में बात करते दिखे। फिर किसी ने उससे पूछ लिया कि कब नियुक्ति हुई। पहले कहां ड्यूटी पर था। युवक के जवाब से सभी चकित रह गए।
चार घंटे उत्साहित होकर करता रहा ड्यूटी
पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि उसे पिथौरागढ़ निवासी किसी व्यक्ति ने ड्यूटी पर लगाया है। जल्द ही नियुक्ति पत्र मिलेगा। फिलहाल उसे तो सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे तक चंपावत का ट्रैफिक संभालने को कहा गया है। दूसरे पीआरडी जवानों ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को इसकी जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: अनुवांशिक बीमारी लेकर पैदा हुआ बच्चा, गर्भवती की जांच करने वाले चार डाक्टरों पर मुकदमा
15 दिन की कर चुका ट्रेनिंग
खुद को चंपावत से 12 किमी दूर सिप्टी का बता रहे युवक को बाद में कोतवाली ले जाया गया। युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत भी कोतवाली पहुंचे। युवक ने बताया कि वह पिथौरागढ़ निवासी नरेंद्र बिष्ट के संपर्क में आया। नरेंद्र की मदद से देहरादून के कुछ युवाओं से मिलना हुआ। वह तीन वर्ष पहले हल्द्वानी में 15 दिन का प्रशिक्षण ले चुका है। शुक्रवार को चंपावत आए पांच युवाओं ने उसे चंपावत में ट्रैफिक जवान की ड्यूटी देने को कहा गया। बाद में युवक का चाचा भी कोतवाली पहुंचा। दो घंटे तक नरेंद्र नाम के युवक से फोन पर बात होती रही। वह कुछ देर में कोतवाली आने की बात करना रहा और देर शाम तक नहीं आया।
नरेंद्र को ट्रेस कर रही पुलिस
चंपावत कोतवाल पीएस नेगी का कहना है कि युवक व उसके चाचा को पूछताछ की जा रही है। कथित नौकरी दिलाने वाले नरेंद्र को ट्रेस किया जा रहा है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।






2 thoughts on “नियुक्ति पत्र न वेतन: चंपावत में PRD जवान बन ट्रैफिक संभालने लगा युवक”