युवक को छलने और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) की फर्जी नौकरी दिलाने के आरोपित नरेंद्र के विरुद्ध चंपावत पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी गई है।
चंपावत जिले के अमकड़िया निवासी सुरेश राम ने कहा है कि पिथौरागढ़ जिले के टकाना निवासी नरेन्द्र सिंह बिष्ट ट्रैनिंग सेंटर चलाता है। उसने PRD में नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की है। आरोपी ने उनकी मुलाकात छह माह पूर्व पिथौरागढ़ में हुई। तीन माह पूर्व उसके भतीजे को पीआरडी में लगाने की बात कही। 25 नवंबर को भतीजे विनोद कुमार को नियुक्ति आदेश बनाने हल्द्वानी ले गया। 28 नवंबर को पीआरडी की वर्दी खरीदने को कहा और 29 नवंबर को भतीजे विनोद कुमार से वर्दी पहनकर चंपावत बाजार में ट्रैफिक जवान की ड्यूटी करने को कहा।
ये भी पढ़ें: नियुक्ति पत्र न वेतन: PRD वर्दी पहनकर ड्यूटी करने लगा युवा
अब बंद आ रहे आरोपी के फोन नंबर
शिकायतकर्ता सुरेश राम ने कहा है कि वह स्वयं नरेंद्र से मिला और नियुक्ति पत्र देने पर ही भतीजे को ड्यूटी पर भेजने की बात कही। नरेंद्र नियुक्ति पत्र लाने की बात कहकर चला गया। नरेन्द्र बिष्ट 8267948567 और 6395770711 नंबरों से फोन करता था। अब नरेंद्र के नंबर बंद आ रहे हैं। कोतवाल पीएस नेगी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





