अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने गौलापार के बागजाला में जल जीवन मिशन योजना में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की है। भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डा. कैलाश पांडेय के नेतृत्व में जल संस्थान के सहायक अभियंता बीसी बेलवाल से गोरापड़ाव स्थित कार्यालय में मिले प्रतिनिधियों ने कहा कि जल संकट का शीघ्रता से समाधान करना जरूरी है।
किसान महासभा बागजाला कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि, जल संस्थान विभाग द्वारा बनाए जा रहे जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत ‘हर घर नल, हर घर जल योजना’ का काम अधूरा पड़ा है। बागजाला गांव के जल संकट को दूर करने के लिए यह योजना शुरू हुई थी लेकिन इसके बंद होने से गांव में जल संकट का खतरा उत्पन्न हो गया है। अप्रैल अभी शुरू हो रहा है और अभी से ही गांव में पेयजल का संकट पैदा हो गया है, अभी ही यह स्थिति है तो आगे के महीनों की भीषण गर्मी में क्या होगा इसकी कल्पना करना भी भयावह है। ज्ञापन देने और वार्ता करने वालों में महासभा की बागजाला अध्यक्ष उर्मिला रैस्वाल, उपाध्यक्ष विमला देवी, सचिव वेद प्रकाश, प्रचार सचिव पंकज चौहान, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, भावना देवी, लक्ष्मी देवी आदि शामिल रहे।





