डीएम नवनीत पांडे के आश्वासन पर लोहाघाट संघर्ष समिति ने सरयू लिफ्ट पेयजल योजना के निर्माण की मांग को लेकर जारी आंदोलन समाप्त कर दिया है। जल संस्थान व पेयजल निगम के अधिकारियों को लेकर धरना स्थल पहुंचे डीएम ने सूझबूझ तरीके से समस्याओं का हल निकाला।
संघर्ष समिति एक मई से तहसील परिसर में धरना दे रही है। मंगलवार को समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने मौके पर पहुंचे डीएम को मांग पत्र सौंपा। कहा कि नगरवासी वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। सरयू लिफ्ट पेयजल को धरातल पर उतारने की मांग कर रहे हैं। हर बार अनसुनी की जा रही है। डीएम ने कहा कि सरयू लिफ्ट योजना की डीपीआर हल्द्वानी डिवीजन गई है। जिसे बाद में निदेशालय के माध्यम से अमृत योजना के तहत केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। फिलहाल राहत के लिए पेयजल वितरण व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ कमियों को दूर किया जाएगा। इस दिशा में लिए प्रयास की एसडीएम साप्ताहिक रिपोर्ट देंगे। यहां मुख्य संरक्षक प्रहलाद मेहता, डीडी पांडेय, शैलेंद्र राय, अनंत साह, राजू पुनेठा, रणजीत अधिकारी, लोकेश पांडेय, राजकिशोर, गणेश पुनेठा आदि मौजूद रहे।
